NEWS PR डेस्क: बिहार के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ राजनेता पूर्णमासी राम का बुधवार शाम निधन हो गया। उन्होंने पटना स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पिछले कई महीनों से उपचाररत थे।
परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6 बजे उनका निधन हुआ। उनके छोटे भाई और पूर्व एमएलसी राजेश राम ने इसकी पुष्टि की।
पांच बार विधायक, एक बार सांसद रहे
पूर्णमासी राम का राजनीतिक सफर काफी लंबा और प्रभावशाली रहा। वे पहली बार 1990 में जनता दल के टिकट पर विधायक बने थे और इसके बाद लगातार पांच बार बगहा विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए।
बिहार सरकार में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। 1991 से 1994 तक भवन निर्माण राज्य मंत्री, 1994 में सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री, 1995 में सहकारिता मंत्री और 1997 से 2003 तक खाद्य आपूर्ति मंत्री के पद पर रहे।
इसके अलावा, वर्ष 2009 से 2014 तक वे जदयू के टिकट पर गोपालगंज से सांसद भी चुने गए।
गुरुवार को होगा अंतिम संस्कार
परिजनों ने बताया कि गुरुवार को बगहा के नारायणपुर घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वर्तमान में परिवार के अधिकांश सदस्य पटना में मौजूद हैं और पार्थिव शरीर को बगहा ले जाने की तैयारी की जा रही है।
बगहा समेत पूरे बिहार में शोक
पूर्व मंत्री के निधन से बगहा समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ उनके आवास पर जुट रही है। स्थानीय लोगों ने उन्हें एक जमीनी और जनप्रिय नेता के रूप में याद किया।
राजनीतिक दलों ने जताया दुख
पूर्णमासी राम के निधन पर बिहार की राजनीति में भी शोक की लहर है। राजद, जदयू और भाजपा सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। नेताओं ने कहा कि उन्होंने हमेशा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।