बिहार के सुधा ब्रांड का असम में विस्तार, डेयरी सेक्टर में निवेश की तैयारी तेज

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार के लोकप्रिय डेयरी ब्रांड सुधा का कारोबार अब पूर्वोत्तर भारत में और विस्तार करने जा रहा है। असम में सुधा दूध और दुग्ध उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए एक लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाली नई डेयरी यूनिट स्थापित करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए जमीन आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस परियोजना से राज्य में डेयरी क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और स्थानीय किसानों को भी फायदा होगा।
सोनितपुर में नए प्लांट का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सोनितपुर जिले के जामुगुरीहाट के शांतिपुर स्थित कन्याका डेयरी में 20 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले दूध प्रोसेसिंग प्लांट का उद्घाटन किया। इससे तेजपुर और आसपास के क्षेत्रों में दूध की नियमित आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है। साथ ही, पूर्वोत्तर में सुधा के वितरण नेटवर्क को मजबूती मिलेगी।
नई यूनिट के लिए जमीन की पहचान
असम इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने प्रस्तावित डेयरी यूनिट के लिए संभावित स्थलों की पहचान की है। इन स्थलों का निरीक्षण करने के लिए कॉम्फेड के अधिकारियों को भी जानकारी दी गई है। जमीन आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में कॉम्फेड के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक भी मौजूद रहे।
2018 से असम में बिक रहा सुधा
बिहार की सहकारी संस्था कॉम्फेड ने नवंबर 2018 में गुवाहाटी के अमीनगांव स्थित थर्ड पार्टी डेयरी संयंत्र के माध्यम से असम में सुधा दूध और अन्य उत्पादों की बिक्री शुरू की थी। अब कंपनी स्थानीय स्तर पर प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
किसानों और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री के अनुसार, सोनितपुर प्लांट के लिए दूध स्थानीय दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े किसानों से लिया जाएगा। इससे किसानों को बाजार मिलने और उनकी आय बढ़ने में मदद मिल सकती है। असम सरकार का लक्ष्य राज्य में दूध उत्पादन बढ़ाकर 10 लाख लीटर प्रतिदिन करना है। इसके लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को डेयरी व्यवसाय से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।

Share This Article