बकाया वेतन को लेकर सीवान में सफाई कर्मियों का विरोध, सड़कों पर फेंका कचरा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: होली से एक दिन पहले शहर में उस समय अजीब स्थिति बन गई जब नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने बकाया भुगतान नहीं मिलने के विरोध में सड़कों पर कचरा फेंककर प्रदर्शन शुरू कर दिया। त्योहार के ठीक पहले शहर के कई हिस्सों में फैली गंदगी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

प्रदर्शन के दौरान डीएवी मोड़ और आर्य कन्या स्कूल के समीप सफाई कर्मी ठेलों से कचरा लाकर सड़क पर डालते नजर आए। कुछ स्थानों पर कचरा फैलाकर रास्ता अवरुद्ध करने की भी कोशिश की गई, जिससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। होली जैसे बड़े पर्व से पहले उत्पन्न इस स्थिति ने प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

सफाई कर्मियों का कहना है कि उन्हें बकाया भुगतान का आश्वासन तो दिया गया, लेकिन अब तक राशि उनके खातों में नहीं आई है। उनका तर्क है कि त्योहार के समय वेतन नहीं मिलने से परिवार चलाना और होली मनाना मुश्किल हो गया है। कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि बकाया राशि जारी होते ही वे शहर की सफाई सामान्य रूप से शुरू कर देंगे। दूसरी ओर, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र समाधान की अपील की है ताकि पर्व के दौरान शहर स्वच्छ रह सके।

फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। अब सबकी नजरें प्रशासनिक पहल पर टिकी हैं कि क्या होली से पहले कोई समाधान निकल पाता है या नहीं।

Share This Article