NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने गुरुवार को वाल्मीकिनगर रोड रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। वे देर रात विशेष सैलून से वाल्मीकिनगर रोड पहुंचे थे। गुरुवार सुबह उन्होंने स्टेशन की यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद करीब 9 बजकर 20 मिनट पर वे विशेष ट्रेन से बगहा के लिए रवाना हुए। यह उनके कार्यकाल में समस्तीपुर रेल मंडल का पहला निरीक्षण कार्यक्रम बताया गया है, जिसकी शुरुआत मंडल के अंतिम स्टेशन वाल्मीकिनगर रोड से हुई।
अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जीएम डिम्पी गर्ग ने अधिकारियों से वाल्मीकिनगर रोड स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली। खास तौर पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे काम की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की गई।
उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्टेशन पर चल रही विभिन्न रेल परियोजनाओं को समय पर आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण में कई स्टेशनों का जायजा
पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि जीएम डिम्पी गर्ग विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान बगहा, नरकटियागंज समेत विभिन्न स्टेशनों और रेलखंडों की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। निरीक्षण में डबलिंग कार्य, यात्री सुविधाओं और अन्य रेल परियोजनाओं को भी शामिल किया गया है।
इसके अलावा बीरगंज साइडिंग की व्यवस्थाओं को लेकर भी जानकारी ली जानी है। बाद के निरीक्षण कार्यक्रम में नरकटियागंज और बेतिया स्टेशन पर भी निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
डीआरएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
जीएम के निरीक्षण के दौरान डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने स्टेशन की मौजूदा व्यवस्थाओं और चल रहे कार्यों से जुड़ी जानकारी महाप्रबंधक के सामने रखी।
वाल्मीकिनगर रोड से शुरू हुआ यह निरीक्षण पश्चिम चंपारण के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और रेल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। रेलवे अधिकारियों को यात्री सुविधाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़