NEWS PR डेस्क: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर वरिष्ठ नेता संजय सिंह को असम में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सह-प्रभारी (Co-Incharge) नियुक्त किया गया है।
पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत में संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से संजय सिंह को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह असम में पार्टी के प्रदेश प्रभारी और खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा के साथ मिलकर चुनावी रणनीति तैयार करेंगे।

बताया गया है कि संजय सिंह और राजेश वर्मा मिलकर असम में संगठन को मजबूत करने, उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की जिम्मेदारी संभालेंगे। पार्टी का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर संजय सिंह ने पार्टी नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी के विजन “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” को आगे बढ़ाते हुए असम में संगठन को मजबूत किया जाएगा और आगामी चुनाव में पार्टी एक सशक्त विकल्प के रूप में उभरने की कोशिश करेगी।
वहीं चिराग पासवान ने भी उम्मीद जताई कि संजय सिंह के संगठनात्मक अनुभव से असम में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और पूर्वोत्तर क्षेत्र में संगठन का विस्तार होगा।