UPSC Result 2025: बिहार के आयुष कुमार ने रचा इतिहास, किराना दुकानदार के बेटे ने बढ़ाया जिले का मान

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: समस्तीपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा जारी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में बिहार के छात्रों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। समस्तीपुर जिले के ताजपुर प्रखंड के कोठिया गांव निवासी आयुष कुमार ने भी इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया 143वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

आयुष कुमार एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता अरुण चौधरी गांव में एक छोटा सा जनरल स्टोर चलाते हैं। बेटे की इस बड़ी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि यह पल उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने बताया कि आयुष की शुरुआती पढ़ाई गांव के ही डीएवी स्कूल में आठवीं कक्षा तक हुई थी।

इसके बाद नौवीं कक्षा में आयुष का दाखिला नवोदय विद्यालय में हो गया, जहां से उन्होंने दसवीं की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई में भी उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी। बारहवीं के बाद आयुष ने आईआईटी की परीक्षा भी पास की और उच्च शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की और अपने लक्ष्य को हासिल कर लिया।

आयुष के पिता अरुण चौधरी ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी। उन्होंने कहा कि उनकी एक छोटी सी किराने की दुकान है, लेकिन बेटे की शिक्षा के लिए उन्होंने हमेशा जिम्मेदारी से मेहनत की और आज उसी मेहनत का फल उन्हें मिला है।

आयुष की सफलता से उनकी मां प्रियंका जायसवाल भी बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि बेटे ने पूरी ईमानदारी और लगन के साथ मेहनत की है। परिवार ने भी हर कदम पर उसका साथ दिया और आज उसकी मेहनत रंग लाई है।

गौरतलब है कि इस बार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल किया है। वहीं बिहार के कई छात्रों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का मान बढ़ाया है।

आयुष कुमार की यह सफलता यह संदेश देती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्चे मन से की जाए, तो बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उनकी उपलब्धि से समस्तीपुर जिले के युवाओं में भी नई प्रेरणा जगी है।

Share This Article