रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने की समीक्षा बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में सोमवार को जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को संभावित उपद्रवियों पर बाउंड डाउन की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले सभी जुलूसों के मार्गों को चिन्हित कर उनका सत्यापन कराया जाए तथा संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस के कोई भी जुलूस नहीं निकलेगा। साथ ही जुलूस में डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जुलूस से पहले ही डीजे को जब्त कर विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय लोगों से समन्वय बनाए रखने को कहा गया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सभी पदाधिकारी सतर्क और सक्रिय रहेंगे तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने कहा कि वर्तमान में रमजान का महीना भी चल रहा है, जिसके कारण शहर में भीड़ अधिक रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक (यातायात) को आवश्यक कार्रवाई करने और शहर में ट्रकों के प्रवेश को नियंत्रित करने का निर्देश दिया।

एसएसपी ने बताया कि रामनवमी को लेकर जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपलब्ध रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर सशस्त्र पुलिस बलों की विशेष प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान करने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए जगह-जगह ड्रॉप गेट लगाने का निर्देश दिया।

उन्होंने थाना प्रभारियों को अखाड़ा समितियों के साथ कम से कम तीन बार बैठक आयोजित कर आपसी समन्वय बनाए रखने तथा आवश्यकता अनुसार अखाड़ा स्थलों के पास पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पीडीएस दुकानदारों से भी स्थानीय स्थिति के संबंध में फीडबैक लेने का निर्देश दिया गया।

एसएसपी ने दोहराया कि रामनवमी के जुलूस में डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में पूर्व से ही विशेष निगरानी रखी जाएगी और आमजनों को जागरूक करने के लिए माइकिंग भी कराई जाएगी।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article