बिहार के एथनॉल उद्योग पर संकट! OMCs के खिलाफ 9 कंपनियों की याचिका पर आज पटना हाईकोर्ट में सुनवाई

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 13 मार्च 2026: बिहार के एथनॉल उद्योग से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में आज पटना हाईकोर्ट में सुनवाई होने जा रही है। यह सुनवाई माननीय न्यायमूर्ति अभिषेक रेड्डी की पीठ के समक्ष होगी। मामले में बिहार की 9 ग्रेन आधारित एथनॉल कंपनियों ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) पर एथनॉल सप्लाई आवंटन में कथित भेदभाव का आरोप लगाते हुए याचिका दायर की है।

याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि बिहार के ग्रेन आधारित एथनॉल प्लांटों को केवल 50 प्रतिशत सप्लाई आवंटन दिया गया है, जबकि गुजरात, राजस्थान, असम और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों के प्लांटों को 100 प्रतिशत तक सप्लाई आवंटन दिया जा रहा है। याचिका में यह भी कहा गया है कि बिहार के सभी ग्रेन एथनॉल प्लांटों के साथ ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा 100 प्रतिशत एथनॉल खरीद का विधिवत एग्रीमेंट किया गया था, इसके बावजूद उन्हें पूर्ण आवंटन नहीं दिया जा रहा है।

इस मामले में याचिकाकर्ताओं ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के साथ-साथ पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और बिहार सरकार को भी प्रतिवादी बनाया है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

यह याचिका 24 फरवरी 2026 को दायर की गई थी। मामले की प्रारंभिक सुनवाई 9 मार्च को निर्धारित थी, लेकिन उस दिन एक वरिष्ठ अधिवक्ता के निधन के कारण न्यायालय की कार्यवाही स्थगित रहने से सुनवाई नहीं हो सकी थी।

याचिकाकर्ताओं की ओर से इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता अमित श्रीवास्तव बहस करेंगे।

उद्योग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, बिहार के कुल 11 एथनॉल प्लांट पिछले करीब चार महीनों से उत्पादन संकट का सामना कर रहे हैं और कई प्लांट बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। उनका कहना है कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा पर्याप्त सप्लाई आदेश नहीं दिए जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है, जबकि अन्य राज्यों के प्लांटों और शुगर मिलों को 100 प्रतिशत से अधिक सप्लाई आदेश दिए गए हैं।

उद्योग से जुड़े लोगों का यह भी कहना है कि इस स्थिति का सीधा असर बिहार के मक्का किसानों पर पड़ रहा है, क्योंकि राज्य में ग्रेन आधारित एथनॉल उत्पादन मुख्य रूप से मक्का पर आधारित है। यदि प्लांटों को पर्याप्त सप्लाई आदेश नहीं मिला तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

फिलहाल इस महत्वपूर्ण मामले की सुनवाई आज पटना हाईकोर्ट में होने वाली है, जिस पर एथनॉल उद्योग और मक्का किसानों की नजरें टिकी हुई हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article