NEWS PR डेस्क: पटना। बिहार विधानसभा को शुक्रवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी मिलने की सूचना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और पूरे विधानसभा क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और मेटल डिटेक्टर की मदद से पूरे परिसर की जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर विधानसभा परिसर को खाली कराने का आदेश भी जारी किया गया।
अधिकारियों का कहना है कि धमकी भरे ईमेल की जांच की जा रही है और पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह मेल किसने और कहां से भेजा।
गौरतलब है कि इससे पहले पटना सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। बिहार विधानसभा को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ा दी गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।