NEWS PR डेस्क : बिहार के बगहा क्षेत्र में राजस्व विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। राजस्व कर्मचारी पहले से ही हड़ताल पर थे, वहीं अब अंचल अधिकारी और राजस्व अधिकारी भी इस आंदोलन में शामिल हो गए हैं। इसके कारण जमीन से जुड़े कई जरूरी काम ठप पड़ गए हैं और दाखिल-खारिज व परिमार्जन जैसे मामलों की फाइलें लंबित होती जा रही हैं।
हड़ताल से पहले ही कई आवेदन लंबित थे, लेकिन अब उनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जमीन के मामलों का निपटारा नहीं होने से किसान और भूमिधारक काफी परेशान हैं। कई लोग रोज अंचल कार्यालय पहुंच रहे हैं, मगर काम नहीं होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है।
स्थिति को संभालने के लिए बगहा-1 के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को अंचल अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं विभाग की ओर से कुछ कार्यों के लिए पंचायत सचिवों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि प्रमाण पत्र से जुड़े कुछ काम पंचायत सचिव और अमीन के माध्यम से किए जा रहे हैं, लेकिन दाखिल-खारिज, परिमार्जन और अन्य भूमि से संबंधित महत्वपूर्ण मामलों का निपटारा नहीं हो पा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हड़ताल जल्द समाप्त नहीं हुई तो जमीन से जुड़े काम और अधिक प्रभावित होंगे। किसानों और भूमिधारकों ने सरकार से मांग की है कि जल्द हस्तक्षेप कर इस हड़ताल को खत्म कराया जाए, ताकि अंचल कार्यालय में सामान्य कामकाज फिर से शुरू हो सके।