‘जल महोत्सव’ में महिला पंप ऑपरेटरों का सम्मान, ‘हर घर नल का जल’ योजना में योगदान को मिली पहचान

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना के बापू टावर सभागार में ‘जल महोत्सव पखवाड़ा’ के तहत लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग और WaterAid India के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करना और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पंप ऑपरेटरों को सम्मानित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से आई महिला पंप ऑपरेटरों, अनुरक्षकों और वार्ड सदस्यों को हर घर नल का जल योजना के सफल संचालन और अनुरक्षण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके जमीनी स्तर पर किए जा रहे समर्पित कार्य और जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की औपचारिक सराहना के रूप में दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभियंता प्रमुख-सह-विशेष सचिव नित्यानंद प्रसाद ने कहा कि ‘हर घर नल का जल’ योजना केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना नहीं, बल्कि एक सशक्त सामुदायिक पहल है। उन्होंने कहा कि महिला पंप ऑपरेटरों ने योजनाओं के संचालन, नियमित अनुरक्षण और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय दक्षता दिखाई है। साथ ही, उन्होंने समुदाय के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जल प्रबंधन को मजबूत किया है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

इस दौरान विभिन्न विभागों जल जीवन हरियाली, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार, पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, बिहार महादलित मिशन और ग्रामीण विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण जैसे क्षेत्रों में बेहतर परिणाम के लिए अंतर-विभागीय समन्वय बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि राज्य में स्वच्छ पेयजल की पहुंच बढ़ने से जलजनित बीमारियों में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जनस्वास्थ्य में सुधार देखने को मिला है।

अनुभव साझा सत्र में महिला पंप ऑपरेटरों ने अपने कार्य अनुभव, नवाचार और सफल प्रयासों को साझा किया। इसके साथ ही प्रतिभागियों के लिए उन्मुखीकरण सत्र का आयोजन कर जल गुणवत्ता परीक्षण, फील्ड टेस्टिंग किट (FTK) के उपयोग, IoT आधारित पंप संचालन और निवारक अनुरक्षण जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में अभियंता प्रमुख-सह-विशेष सचिव अभय कुमार, अपर सचिव अरविंद कुमार समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article