अगला CM कौन !संजय झा का बयान, नीतीश कुमार और NDA मिलकर करेंगे तय

Neha Nanhe

NEWS PR डेस्क : जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने स्पष्ट किया है कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की “समृद्धि यात्रा” समाप्त होने के बाद एनडीए के सभी सहयोगी दल इस मुद्दे पर बैठकर चर्चा करेंगे और सामूहिक सहमति से फैसला लिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के चयन में नीतीश कुमार की राय महत्वपूर्ण होगी। चूंकि सरकार एनडीए की होगी, इसलिए यह निर्णय किसी एक दल का नहीं बल्कि गठबंधन के सभी दलों के विचार-विमर्श से ही तय किया जाएगा।

दिल्ली स्थित जदयू कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष पद के लिए नीतीश कुमार के नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए संजय झा ने यह बातें कहीं। उन्होंने नीतीश कुमार को एनडीए का सर्वमान्य नेता बताते हुए कहा कि लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री रहने के कारण उनका अनुभव और मार्गदर्शन आगे भी मिलता रहेगा।

संजय झा ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्यसभा जाने के बावजूद नीतीश कुमार का फोकस बिहार पर ही रहेगा। संसद सत्र के दौरान वह दिल्ली में रहेंगे, लेकिन बाकी समय बिहार में सक्रिय रहकर राज्य के मुद्दों पर अपनी भूमिका निभाते रहेंगे। साथ ही संसद में भी वे बिहार से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे।

Share This Article