चैती छठ को लेकर पटना में ट्रैफिक प्लान बदला, कई प्रमुख मार्गों पर रहेगी नो-एंट्री

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 23 मार्च। लोकआस्था के महापर्व चैती छठ को लेकर प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है, ताकि व्रतियों को घाटों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। दूसरे दिन खरना के बाद 24 मार्च की संध्या अर्घ्य और 25 मार्च की प्रातः अर्घ्य को देखते हुए शहर के कई अहम रास्तों पर यातायात प्रतिबंध लगाए गए हैं।

प्रशासन के अनुसार शहर के प्रमुख मार्ग अटल पथ और मरीन ड्राइव पर भी यातायात नियंत्रण सख्ती से लागू रहेगा। 24 मार्च को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक और 25 मार्च को सुबह 2 बजे से 9 बजे तक इन मार्गों पर गाड़ियों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। अटल पथ पर दीघा से आर ब्लॉक तक न तो वाहन चलेंगे और न ही पार्किंग की अनुमति होगी। वहीं, कंगन घाट से मरीन ड्राइव की पश्चिम दिशा में भी प्रवेश बंद रहेगा।

आपको बता दें कि 24 मार्च की दोपहर से 25 मार्च की सुबह 8 बजे तक विशेष ट्रैफिक प्लान प्रभावी रहेगा। इस दौरान अशोक राजपथ पर करगिल चौक से दीदारगंज तक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। सभी एंट्री प्वाइंट सील किए जाएंगे और केवल छठ व्रतियों के लिए विशेष व्यवस्था होगी। घाटों तक आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में की जाएगी, जबकि आम वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।

दिघा-आशियाना क्षेत्र में भी आवाजाही पर अस्थायी रोक रहेगी। 24 मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक और 25 मार्च को सुबह 3 बजे से 6 बजे तक इस मार्ग पर वाहनों का संचालन बंद रहेगा। हालांकि, लोगों के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में रामजीचक मोड़ से नहर रोड होते हुए बेली रोड जाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

इसके अतिरिक्त जेपी सेतु पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है। जेपी गंगा पथ पर दीघा गोलंबर से गायघाट तक दोनों लेन में यातायात बंद रहेगा। बसों की पार्किंग के लिए गांधी मैदान के गेट नंबर 10 के अंदर व्यवस्था की गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग दें, ताकि छठ पर्व शांतिपूर्ण और सुगम तरीके से संपन्न हो सके।

Share This Article