NEWS PR डेस्क: पटना, 29 मार्च 2026: बिहार में पुलिस सेवाओं को डिजिटल और नागरिकों के लिए आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने ‘स्मार्ट नागरिक सेवा पोर्टल’ शुरू किया है, जिसके जरिए अब आम लोग कई जरूरी पुलिस सेवाओं का लाभ घर बैठे ही उठा सकेंगे।
इस पोर्टल के माध्यम से किराएदार, घरेलू सेवक या वाहन चालक का सत्यापन कराने से लेकर लापता या अपहृत व्यक्ति की जानकारी देने और खोई हुई वस्तुओं की रिपोर्ट दर्ज कराने जैसी सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को बार-बार थाने के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
सरकार द्वारा जारी यह पोर्टल (citizenservices.bihar.gov.in) कई मायनों में खास है। इसमें बिना लॉग इन किए भी एफआईआर की कॉपी प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा नागरिक गुप्त सूचना भी साझा कर सकते हैं और इनामी या वांछित अपराधियों की जानकारी भी देख सकते हैं।
अब तक छोटे-छोटे मामलों में भी लोगों को थाने जाना पड़ता था और कई बार शिकायत दर्ज कराने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस नई व्यवस्था से पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
लॉग इन करने के बाद नागरिकों को 11 प्रकार की अतिरिक्त सेवाएं मिलेंगी, जिनमें ई-शिकायत दर्ज करना, अज्ञात व्यक्ति या शव की पहचान से जुड़ी जानकारी प्राप्त करना, गिरफ्तार अपराधियों का विवरण देखना और अन्य कई सुविधाएं शामिल हैं।
सरकार का मानना है कि यह डिजिटल पहल न केवल पारदर्शिता बढ़ाएगी, बल्कि शिकायतों के त्वरित निपटारे में भी मददगार साबित होगी। बिहार पुलिस का यह कदम ‘स्मार्ट गवर्नेंस’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे आम लोगों को बेहतर और सुलभ सेवाएं मिल सकेंगी।