केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं कक्षा के बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026 की घोषणा 15 अप्रैल 2026 को कर दिया गया है। जिसमें कुल पास प्रतिशत 93.70% रहा है। इस वर्ष भी लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। 10वीं में 94.99% लड़कियां पास हुई हैं और 92.69% लड़के पास हुए हैं।
वहीं दूसरी ओर अररिया जिले के फारबिसगंज स्थित शहर के प्रतिष्ठित एवं पुराने शिक्षण संस्थानों में शुमार शिशु भारती उच्च विद्यालय में सीबीएसई दसवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में सफल विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
विद्यालय के मेधावी छात्रों ने विद्यालय का गौरव बढ़ाया
इस वर्ष विद्यालय के मेधावी छात्रों में कुमार अमन ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं लक्ष्य समदरिया ने 90.02 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अन्य उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में गोपेश कुमार अग्रवाल (89.40%), श्वेताभ दिव्यम झा (86.60%), रिक्की गोलदार (85.20%), मनीष कुमार (85.20%), दीपिका कुमारी (84.80%), नेहा भारती (82.80%), जयेश कश्यप (82.60%), कृष काव्या (82.60%) तथा प्रत्यूश संगम (81.80%) शामिल रहे। इसके अतिरिक्त खुशी कुमारी, रौनक राज, नेहा कुमारी, चाहत अग्रवाल, परी अग्रवाल, मुस्कान कुमारी और गोविंद कुमार ने भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल
समारोह में विद्यालय की निदेशक राधिका अग्रवाल, सीईओ हृत्विक शर्मा, प्रधानाचार्य रमेश कुमार झा, वाइस प्रिंसिपल उमिशा सुब्बा, अजय शर्मा, एडमिन रविंद्र कुमार सिंह, मैनेजर कृष्णा मालाकार तथा रेक्टर मेहताब अंसारी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है। वहीं कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि निरंतर प्रयास, सकारात्मक सोच और समर्पण से ही जीवन में बड़ी सफलताएं हासिल की जा सकती हैं।
अररिया से धन्नु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट