NEWS PR डेस्क : दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने शुक्रवार की रात विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने यात्रियों की सुविधा, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में जिले से बाहर रह रहे लोग अपने घर लौटते हैं। ऐसे में जिला प्रशासन का विशेष प्रयास है कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनका अनुभव सुखद एवं सुरक्षित रहे.
जिला पदाधिकारी ने बताया कि,
रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से भी व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी.
उन्होंने कहा कि छठ पूजा के समापन के बाद बड़ी संख्या में यात्रियों के वापस लौटने के कारण रेलवे स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ की स्थिति उत्पन्न होती है.
सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जिला पदाधिकारी ने बताया कि
नशाखुरानी गिरोह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रिकालीन गश्ती बढ़ाई गई है। इसके अतिरिक्त शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ाई जा रही है.
मुजफ्फरपुर से रुपेश की रिपोर्ट ;-