पटना की DEO बनीं सरस्वती कुमारी, सीवान-भागलपुर समेत कई जिलों में नई तैनाती

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बिहार के शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य के कई जिलों में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। कई शिक्षा पदाधिकारियों को दूसरे जिलों में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। यह फेरबदल ऐसे समय में हुआ है, जब सख्त प्रशासनिक छवि वाले IAS अधिकारी सीके अनिल ने शिक्षा विभाग में अपर मुख्य सचिव का पदभार संभाला है। उनके विभाग की कमान संभालने के बाद हुए इस बदलाव को लेकर शिक्षा विभाग में चर्चाएं तेज हैं।

पटना समेत इन जिलों में बदले गए DEO
जारी जानकारी के मुताबिक, सरस्वती कुमारी को अगले आदेश तक पटना का जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है। सीतामढ़ी के जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र मणि त्रिपाठी को प्रतिनियुक्ति पर सीवान का DEO बनाया गया है। वहीं, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति में पदस्थापित मुकेश कुमार को भागलपुर का जिला शिक्षा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। बिहार मुक्त विद्यालयीय शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड से दिनेश कुमार पासवान को सीतामढ़ी का DEO बनाया गया है। इसके अलावा प्राथमिक शिक्षा उपनिदेशक प्रफुल्ल कुमार मिश्रा को पूर्वी चंपारण का जिला शिक्षा पदाधिकारी बनाया गया है। माध्यमिक शिक्षा के सहायक निदेशक सुभाष कुमार को नवादा के DEO की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कई जिलों में बदले गए DPO
शिक्षा विभाग में जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों के स्तर पर भी बदलाव किया गया है। गोपालगंज के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी विनय कुमार सुमन को खगड़िया में इसी पद पर प्रतिनियुक्त किया गया है। गया के DPO आनंद कुमार को मुंगेर भेजा गया है। विकास कुमार डीएन को औरंगाबाद का कार्यक्रम पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं, सीवान के कार्यक्रम पदाधिकारी सैयद तारिक सज्जाद को मधेपुरा में प्रतिनियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
बक्सर के रजनीश कुमार झा को भागलपुर में कार्यक्रम पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। नालंदा के भोला कुमार कर्ण को गोपालगंज भेजा गया है। सीवान के कुमार अभिजीत को पूर्वी चंपारण में प्रतिनियुक्त किया गया है। राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद के सहायक निदेशक सूरज कुमार झा को बक्सर का कार्यक्रम पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं, रवि कुमार को भी बक्सर में कार्यक्रम पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शिक्षा विभाग में बदलाव से प्रशासनिक हलचल
शिक्षा विभाग में एक साथ इतने अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति से प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि नई जिम्मेदारियों के साथ ये अधिकारी अपने-अपने जिलों में शिक्षा व्यवस्था और विभागीय कामकाज को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।

Share This Article