पिता की विरासत संभालने की तैयारी में निशांत कुमार, संगठन पर फोकस तेज; जल्द राज्यव्यापी दौरा

With renewed activism in JDU, Nishant is formulating future political strategy

Neha Nanhe

जनता दल (यूनाइटेड) के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार इन दिनों पार्टी संगठन को मजबूत करने के मिशन में पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। जदयू में औपचारिक रूप से सक्रिय होने के बाद निशांत लगातार पार्टी कार्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं और संगठन की जमीनी स्थिति को समझने में जुटे हैं। रविवार को भी इसी कड़ी में निशांत कुमार पूर्णिया और भागलपुर के जिलाध्यक्षों समेत दोनों जिलों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेंगे। इस दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति, उसकी चुनौतियों और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।
निशांत की प्रस्तावित बिहार यात्रा को लेकर रोडमैप तैयार किया जा रहा है
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने निशांत की सक्रियता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह लगातार पार्टी कार्यालय आकर नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि निशांत संगठन के कामकाज को करीब से समझ रहे हैं और बैठकों के जरिए आगे की रणनीति तैयार कर रहे हैं।उमेश कुशवाहा ने यह भी स्पष्ट किया कि निशांत की प्रस्तावित बिहार यात्रा को लेकर रोडमैप तैयार किया जा रहा है। सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और तारीख तय होते ही इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी,
इससे पहले शनिवार को पटना स्थित जदयू कार्यालय में निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी, जहां उन्होंने अपने पिता के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलकर बिहार को विकास के शिखर तक पहुंचाना ही उनका लक्ष्य है।
कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया
निशांत ने पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी जोर दिया। उनके जदयू कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया, जिससे उनकी बढ़ती सक्रियता और संगठन में उनकी भूमिका को लेकर उत्साह साफ नजर आया। बैठक में विधान परिषद के मुख्य सचेतक संजय गांधी, विधायक चेतन आनंद, मांजरिक मृणाल, ऋतुराज कुमार, रुहेल रंजन, अनिल कुमार, नंदकिशोर कुशवाहा और प्रदेश महासचिव मनीष कुमार समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Share This Article