शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने की दिशा में भागलपुर नगर निगम ने अब सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों से पटे शहर को मुक्त कराने के लिए निगम प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है, जिससे आने वाले दिनों में शहर की सूरत बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।
एक अहम बैठक आयोजित की गई
इसी कड़ी में नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा, जदयू, बसपा, हम और लोजपा सहित कई दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे, जहां शहर के अलग-अलग इलाकों में बिना अनुमति लगाए जा रहे होर्डिंग और पोस्टरों पर विस्तार से चर्चा की गई।
किसी भी होर्डिंग, बैनर या पोस्टर को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
बैठक के दौरान सभी दलों से सुझाव और फीडबैक लेकर आगे की रणनीति तैयार की गई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अब बिना अनुमति लगाए गए किसी भी होर्डिंग, बैनर या पोस्टर को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति या संगठन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि भागलपुर को एक बेहतर और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके।
शहर के हित में जरूरी कदम
बैठक के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह और जदयू जिला अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शहर के हित में जरूरी कदम बताया। इस दौरान नगर प्रबंधक असगर अली और अतिक्रमण प्रभारी जयप्रकाश यादव सहित कई अधिकारी भी मौजूद रहे। नगर निगम की इस सख्ती से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में अवैध होर्डिंग और पोस्टरों पर रोक लगेगी और शहर की व्यवस्था व सौंदर्य में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
भागलपुर में अवैध होर्डिंग पर सख्ती: शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की तैयारी तेज