पटना में शपथ ग्रहण की तैयारी, उधर बंगाल में भाजपा बढ़त पर—आज का दिन अहम

पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण की तैयारी पूरी, वहीं 5 राज्यों के चुनाव नतीजों ने बढ़ाई सियासी हलचल

Rashmi Tiwari

बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रीमंडल विस्तार को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गांधी मैदान में मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के लिए टेंट लगने शुरू हो गए हैं, जबकि इस मौके पर आम लोगों की एंट्री को बंद कर दिया गया है। यह कार्यक्रम 6 तारीख को निर्धारित किया गया है, और इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं।
नेताओं के नामों पर अंतिम सहमति
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जो दिल्ली दौरे से लौटने के बाद दोपहर 12 बजे पटना पहुंचेंगे, कैबिनेट विस्तार की अंतिम सूची लेकर लौट रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली में हुई बैठकों में कई अहम निर्णय लिए गए हैं और अब मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं के नामों पर अंतिम सहमति बन चुकी है।


6 तारीख को शाम 5 बजे एक अहम कैबिनेट बैठक
सम्राट चौधरी के दिल्ली दौरे में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकातें शामिल थीं। यह बैठकें मंत्रीमंडल विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण थीं, और अब यह साफ हो चुका है कि किस पार्टी के कोटे से कितने मंत्री बनाए जाएंगे। कैबिनेट विस्तार के साथ ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 6 तारीख को शाम 5 बजे एक अहम कैबिनेट बैठक भी बुलाई है। इस विस्तार को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है, और सभी की नजरें अब इस बड़े घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद किसी भी समय नई कैबिनेट का ऐलान किया जा सकता है। इसे लेकर पार्टी और सरकार दोनों स्तर पर तैयारियां तेज हैं और सभी की नजरें इस फैसले पर टिकी हुई हैं।
बंगाल की 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी
वहीं, आज असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के चुनाव परिणाम आने वाले हैं, गिनती शुरू हो चुकी है । बंगाल की 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। एक सीट फालता पर 21 मई को फिर वोटिंग होगी। शुरुआती रुझान में भाजपा को बहुमत मिलता दिख रहा है। भाजपा 150 और टीएमसी 92 सीटों पर आगे चल रही है। भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी आगे हैं। सुवेंदु अधिकारी पीछे चल रहे हैं। वहीं आरजी कर रेप विक्टिम की मां रत्ना देबनाथ को बढ़त है। बता दें कि पीएम मोदी ने जहां झालमुड़ी खाई थी उस इलाके में भाजपा चारों सीटों पर आगे है। ये सीटें झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम हैं।बता दें कि आज का दिन बीजेपी के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share This Article