NEWS PR डेस्क: नई दिल्ली, 4 मई। देश की राजनीति के लिए आज का दिन बेहद अहम है, जहां असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे सामने आ रहे हैं। सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों ने कई राज्यों में राजनीतिक समीकरण बदलने के संकेत दे दिए हैं।
बंगाल में बड़ा उलटफेर, बीजेपी आगे
सबसे ज्यादा नजरें पश्चिम बंगाल पर टिकी हैं, जहां शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी बढ़त बनाती दिख रही है। बीजेपी 150 सीटों के आंकड़े को पार करती नजर आ रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस का ग्राफ लगातार नीचे गिर रहा है।

कोलकाता पोर्ट सीट से फिरहाद हाकिम पीछे चल रहे हैं। वहीं, ममता बनर्जी भी अपने गढ़ माने जाने वाले नंदीग्राम और भबानीपुर सीटों पर पिछड़ती नजर आ रही हैं, जहां सुवेंदु अधिकारी बढ़त बनाए हुए हैं। रुझानों के मुताबिक राज्य में बड़ा राजनीतिक बदलाव संभव है।
असम में बीजेपी का दबदबा
असम में बीजेपी गठबंधन 95 सीटों के आसपास बढ़त के साथ स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ता दिख रहा है। यहां पार्टी एक बार फिर सत्ता में वापसी करती नजर आ रही है।
केरल में कांग्रेस गठबंधन की वापसी के संकेत
केरल में शुरुआती रुझानों में कांग्रेस नीत गठबंधन बढ़त बनाता दिख रहा है, जिससे राज्य में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं।
तमिलनाडु में टीवीके का उभार
तमिलनाडु में विजय जोशेफ की पार्टी टीवीके करीब 100 सीटों पर बढ़त बनाकर बड़ा उलटफेर करती नजर आ रही है, जिससे राज्य की पारंपरिक राजनीति में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
फिलहाल मतगणना जारी है और अंतिम नतीजों के साथ तस्वीर और साफ होगी। शुरुआती रुझानों ने साफ संकेत दे दिए हैं कि इस बार के चुनाव में कई राज्यों में सत्ता परिवर्तन संभव है, जो देश की राजनीति पर बड़ा असर डाल सकता है।