NEWS PR डेस्क: कोलकाता, 04 मई। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा सीट से चुनाव हार गई हैं। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें 15,114 से अधिक वोटों के अंतर से हराया।
भवानीपुर में ममता बनर्जी को बड़े अंतर से हराने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पूरा हिन्दू पोलराइज हो गया, जिसकी वजह से पश्चिम बंगाल में बीजेपी को इतनी बड़ी जीत मुमकिन हो पायी है। उन्होंने एक निजी न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा कि मुसलमानों का एक वोट हमें नहीं मिला। इस जीत का श्रेय जनता को है।
गिनती की शुरुआत में मुकाबला बेहद कड़ा दिख रहा था, लेकिन समय के साथ तस्वीर बदलती गई। जैसे-जैसे राउंड पूरे होते गए, शुभेंदु अधिकारी ने बढ़त को मजबूत किया और अंत में स्पष्ट अंतर से जीत अपने नाम कर ली। भवानीपुर को लंबे समय से ममता बनर्जी का सुरक्षित क्षेत्र माना जाता रहा है, इसलिए यह नतीजा राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।

दोनों नेताओं के बीच यह टक्कर नई नहीं है। इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर भी शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को पराजित किया था। इस बार मतगणना से पहले ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि काउंटिंग सेंटर में उनके साथ धक्का-मुक्की हुई और उन्होंने दोबारा मतगणना की मांग भी उठाई।