बिहार में नई कैबिनेट को विभाग आवंटित, गृह से शिक्षा तक किसके पास क्या? देखें पूरी लिस्ट

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 7 मई। बिहार में कैबिनेट विस्तार के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। विभागों के आवंटन के साथ ही नई टीम को अलग-अलग मंत्रालयों की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। सरकार ने प्रशासनिक संतुलन और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए विभागों का वितरण किया है।

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सामान्य प्रशासन, गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन और सिविल विमानन विभाग अपने पास रखा है। इसके अलावा वे उन सभी विभागों की जिम्मेदारी भी संभालेंगे, जो किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं किए गए हैं।

विभागों के बंटवारे में विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन और संसदीय कार्य विभाग मिला है, जबकि वित्त और वाणिज्य-कर विभाग की जिम्मेदारी बिजेंद्र प्रसाद यादव को दी गई है। ग्रामीण विकास और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग श्रवण कुमार को सौंपा गया है।

कृषि विभाग विजय कुमार सिन्हा को मिला है, वहीं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की जिम्मेदारी डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल को दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की कमान निशांत को सौंपी गई है। भवन निर्माण विभाग लेशी सिंह को मिला है, जबकि सहकारिता विभाग राम कृपाल यादव को दिया गया है।

नगर विकास एवं आवास तथा सूचना प्रावैधिकी विभाग की जिम्मेदारी नीतीश मिश्रा को मिली है। परिवहन विभाग दामोदर रावत को, उच्च शिक्षा एवं विधि विभाग संजय सिंह टाइगर को और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग अशोक चौधरी को सौंपा गया है।

योजना एवं विकास विभाग भगवान सिंह कुशवाहा को दिया गया है, जबकि श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग अरुण शंकर प्रसाद को मिला है। मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग मदन सहनी को सौंपा गया है।

डॉ. संतोष कुमार सुमन को लघु जल संसाधन विभाग, रमा निवास को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग तथा रत्नेश सदा को आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी मिली है। पथ निर्माण विभाग कुमार शैलेन्द्र को दिया गया है।

विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग शीला कुमारी को मिला है, जबकि पर्यटन विभाग केदार प्रसाद गुप्ता को सौंपा गया है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग लखेंद्र कुमार रोशन को दिया गया है।
ग्रामीण कार्य विभाग सुनील कुमार को, उद्योग और खेल विभाग श्रेयसी सिंह को तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग जमा खान को सौंपा गया है। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग नंदकिशोर राम को मिला है।

ऊर्जा विभाग शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को दिया गया है, जबकि खान एवं भूतत्व तथा कला एवं संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी डॉ. प्रमोद कुमार को मिली है। समाज कल्याण विभाग स्वेता गुप्ता को, शिक्षा विभाग मिथिलेश तिवारी को तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग डॉ. रामचन्द्र प्रसाद को सौंपा गया है।

इसके अलावा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग संजय कुमार सिंह को, गन्ना उद्योग विभाग संजय कुमार को और पंचायती राज विभाग दीपक प्रकाश को दिया गया है।

कैबिनेट विस्तार और विभागों के बंटवारे के बाद अब नई टीम के सामने सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने और आगामी चुनावों से पहले प्रदर्शन बेहतर करने की चुनौती होगी।

Share This Article