समाज के अंतिम पंक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : डॉ. श्वेता गुप्ता

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 08 मई। आज दिनांक 08 मई 2026 को समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने सचिवालय स्थित विभागीय मुख्यालय में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं कार्यान्वयन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि समाज कल्याण विभाग का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े वंचित, असहाय, गरीब, दिव्यांग एवं पिछड़े वर्ग के लोगों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी, समयबद्ध एवं जवाबदेह तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र लाभुक को योजनाओं का वास्तविक लाभ प्राप्त हो सके।

उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, विधवाओं, वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों के कल्याण को विभाग की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इन वर्गों के लिए संचालित योजनाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाएगा। महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, बाल विकास, पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने हेतु नवीन पहलें की जाएंगी। साथ ही योजनाओं की नियमित निगरानी एवं समीक्षा को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया जाएगा।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के निदेशक धर्मेंद्र कुमार तथा आईसीडीएस एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय के निदेशक योगेश कुमार सागर सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता का स्वागत किया।

Share This Article