बेतिया में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बस ने ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में मचाया कहर, 5 की मौत

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बेतिया/लौरिया: पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास हुआ।

छठी समारोह में चल रहा था ऑर्केस्ट्रा
जानकारी के अनुसार, बनकटवा निवासी देवेंद्र दुबे के घर 15 अगस्त को बेटे का जन्म हुआ था। 21 अगस्त की रात बच्चे की छठी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। भोज के साथ ऑर्केस्ट्रा का भी आयोजन था। कार्यक्रम में गांव के लोगों के अलावा बड़ी संख्या में मेहमान मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे टेंट और ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। बस की चपेट में आने से वहां मौजूद कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रक से टक्कर बचाने के दौरान बेकाबू हुई बस
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात गोरखपुर से बेतिया की ओर शाही ट्रेवेल्स की बस जा रही थी। इसी दौरान बगहा-लौरिया मुख्य मार्ग पर सामने से LPG सिलेंडर से लदा ट्रक आ गया। दोनों वाहनों के बीच टक्कर की स्थिति बनने पर बस चालक ने अचानक बस मोड़ दी। रफ्तार अधिक होने के कारण बस नियंत्रित नहीं हो सकी और सीधे सड़क किनारे चल रहे कार्यक्रम में जा घुसी। हादसे के वक्त बस में करीब 15 यात्री सवार थे।
बच्चे के पिता समेत 5 लोगों की मौत
हादसे में मृतकों की पहचान बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। मृतकों में देवेंद्र दुबे भी शामिल हैं, जिनके नवजात बेटे की छठी का कार्यक्रम चल रहा था। देवेंद्र पेशे से ड्राइवर थे। बताया गया कि उनके परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं।
12 से अधिक लोग घायल

हादसे में 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को बेतिया जीएमसीएच भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद भड़का लोगों का गुस्सा
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। हालात बिगड़ते देख नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।
पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share This Article