सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल विशेष सर्वेक्षण कार्य, समय सीमा में पूरा करें अधिकारी : सचिव जय सिंह

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 08 मई। बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बन्दोबस्त कार्यक्रम को लेकर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सर्वे कार्यों में तेजी लाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान, शास्त्रीनगर, पटना में नव पदस्थापित बन्दोबस्त पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण एवं क्षमतावर्द्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने कहा कि बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बन्दोबस्त कार्यक्रम राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ सर्वे कार्यों को पूरा किया जाए।

सचिव जय सिंह ने कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि भूमि अभिलेखों को अद्यतन करने और आम लोगों के जमीन संबंधी अधिकारों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने अधिकारियों से तकनीकी दक्षता, जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की अपील की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और सर्वेक्षण कर्मियों को बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बन्दोबस्त अधिनियम 2011 तथा उसमें समय-समय पर किए गए संशोधनों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रपत्र-1 से 25 तक की प्रक्रिया, ग्राम अभिलेखों के संधारण और सर्वे कार्यों की तकनीकी बारीकियों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

इस दौरान भू-सर्वेक्षण सॉफ्टवेयर, आर-टू-आर सॉफ्टवेयर, शिविर स्कैन रिपोर्ट, भू-नक्शा सॉफ्टवेयर समेत अन्य तकनीकी प्रणालियों के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई। अधिकारियों को एमआईएस और सीवीएमएस प्रणाली के जरिए सर्वे कार्यों की निगरानी और रिपोर्टिंग प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों ने विशेष सर्वेक्षण कार्यों में आ रही चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में औरंगाबाद, बेगूसराय, वैशाली, जहानाबाद, पूर्णिया, सुपौल, जमुई, सारण, रोहतास और नालंदा जिलों के नव पदस्थापित बन्दोबस्त पदाधिकारी शामिल हुए। मौके पर भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत, विशेष कार्य पदाधिकारी नवाजिश अख्तर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article