पटना में 14 मई को होगा सिविल डिफेंस ब्लैकआउट और एयर रेड मॉकड्रिल, डीएम ने दिए ख़ास निर्देश

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 10 मई। राजधानी पटना समेत बिहार के छह जिलों में 14 मई 2026 को सिविल डिफेंस ब्लैकआउट और हवाई हमले की स्थिति पर आधारित मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी पटना की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ त्रुटिहीन तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यह केवल एक पूर्व निर्धारित मॉक एक्सरसाइज है, जिसका उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में सरकारी तंत्र की प्रभावशीलता की जांच करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और बिल्कुल भी पैनिक न हों। केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

डीएम ने बताया कि मॉकड्रिल के दौरान निर्धारित समय पर 2 मिनट तक नागरिक सुरक्षा का सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही चिन्हित क्षेत्रों में ब्लैकआउट लागू होगा। इस दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के लिए फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर निकाय, सिविल डिफेंस, पुलिस और अन्य एजेंसियों की सक्रियता और समन्वय की जांच की जाएगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

पटना नगर निगम क्षेत्र के साथ-साथ दानापुर निजामत, खगौल और फुलवारीशरीफ नगर परिषद क्षेत्रों में भी ब्लैकआउट और मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके लिए कई कोषांग बनाए गए हैं, जो लॉजिस्टिक, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वैकल्पिक संचार, विधि-व्यवस्था और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी संभालेंगे।

मॉक अभ्यास के लिए पटना जिले में चार प्रमुख सिमुलेशन साइटों का चयन किया गया है। इनमें पटना समाहरणालय, बिस्कोमान भवन, बांकीपुर बस स्टैंड और आईजीआईएमएस शामिल हैं। इन स्थलों पर एयर रेड अर्ली वार्निंग सिस्टम, ब्लैकआउट, इवैक्युएशन, सर्च एंड रेस्क्यू, मेडिकल रिस्पॉन्स और फायर फाइटिंग जैसे छह अलग-अलग आपदा परिदृश्यों का अभ्यास किया जाएगा।

बैठक में पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, नगर निगम, एयरपोर्ट, सरकारी और निजी अस्पतालों, तेल कंपनियों, शिक्षा विभाग, परिवहन, अग्निशमन, रेडक्रॉस, विद्युत, पशुपालन, जीविका और आईसीडीएस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अपर जिला दंडाधिकारी (आपदा प्रबंधन) ने पीपीटी के माध्यम से विभागीय दिशा-निर्देशों और जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मॉकड्रिल के दौरान आवश्यक सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। अस्पतालों में ब्लैकआउट के दौरान खिड़कियों पर क्यूबिकल पर्दे और प्राइवेसी कर्टेन का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, 13 मई को पटना समाहरणालय में टेबल-टॉप एक्सरसाइज का आयोजन होगा, जिसमें हवाई हमले की स्थिति पर आधारित रणनीतिक अभ्यास किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार के निर्देशानुसार साल में कम-से-कम दो बार इस प्रकार की मॉकड्रिल आयोजित की जाती है। उन्होंने शिक्षा विभाग को स्कूलों के माध्यम से जागरूकता फैलाने तथा व्यापारिक संगठनों और सिविल सोसाइटी से अधिकतम नागरिक सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मॉकड्रिल के दौरान कंट्रोल रूम भी पूरी तरह सक्रिय रहेगा। किसी भी सूचना या सहायता के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र पटना (0612-2210118), जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810 / 2219234) या डायल 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article