अखिलेश यादव के भाई और अपर्णा के पति प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ में ली अंतिम सांस

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: लखनऊ से एक बड़ी खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन की सूचना ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर पैदा कर दी है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी उम्र 38 वर्ष बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, प्रतीक यादव को सुबह करीब 6 बजे अस्पताल पहुंचाया गया था। हालांकि अब तक परिवार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं उनकी मौत के कारणों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। राजनीतिक परिवार से संबंध होने के बावजूद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी थी। वे मुख्य रूप से रियल एस्टेट और फिटनेस व्यवसाय से जुड़े हुए थे।

बताया जाता है कि प्रतीक यादव लखनऊ में “द फिटनेस प्लानेट” नाम से जिम संचालित करते थे। इसके अलावा वे “जीव आश्रय” नामक संस्था भी चलाते थे, जो स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, भोजन, देखभाल और रेस्क्यू का काम करती थी। पशु संरक्षण और फिटनेस को लेकर उनकी अलग पहचान मानी जाती थी।

प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी। सामाजिक कार्यों और फिटनेस इंडस्ट्री में उनकी सक्रियता को लेकर वे अक्सर चर्चा में रहते थे।

इधर, पुलिस भी पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है। शव का पंचनामा किया जा रहा है और पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों का पैनल गठित किया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिसके बाद मौत के कारणों को लेकर रहस्य और गहरा गया है।

फिलहाल सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है।

Share This Article