बेतिया GMCH अस्पताल में बिजली के खंभे में भीषण आग जलते तार गिरने से मची अफरा-तफरी, गार्डों ने बंद किया गेट

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क ;- पश्चिम चंपारण जिले के यहां गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल यानी GMCH परिसर में बिजली के एक खंभे में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे बिजली के खंभे को अपनी चपेट में ले लिया। बिजली के तार जलकर नीचे गिरने लगे, जिसके बाद अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और अन्य लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

स्थानीय लोगों के अनुसार, बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। खंभे से निकलती चिंगारियों और जलते हुए तारों को देखकर अस्पताल परिसर में मौजूद लोग दहशत में आ गए। लोगों को डर था कि कहीं आग की चपेट में आसपास का इलाका भी न आ जाए।

सुरक्षा के मद्देनजर बंद किया गया मुख्य गेट

घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के सुरक्षा गार्ड तुरंत सतर्क हो गए। किसी अनहोनी से बचने के लिए एहतियातन अस्पताल का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों और अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

बड़ा हादसा टला, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर बिजली के खंभे में इस तरह आग लगना विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

अस्पताल में हर दिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन आते हैं। ऐसे में बिजली के खंभों और तारों की नियमित जांच बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना से किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

पश्चिम चम्पारण से मोहम्मद इम्तेयाज की रिपोर्ट ;-

Share This Article