मंजू स्मृति पार्क पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पत्नी को अर्पित किए श्रद्धा-सुमन

पत्नी की पुण्यतिथि पर भावुक हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

Rashmi Tiwari

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को अपनी दिवंगत पत्नी मंजू सिन्हा की पुण्यतिथि पर पटना और नालंदा में श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों, नेताओं और समर्थकों के साथ माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। पटना के कंकड़बाग स्थित मंजू स्मृति पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्नी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर नागरिक परिषद के महासचिव उदयकांत मिश्रा, अरविंद कुमार उर्फ छोटू सिंह, हरेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग और परिवार के सदस्य मौजूद रहे।


कल्याण बीघा में माता-पिता और पत्नी को दी श्रद्धांजलि
इसके बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव कल्याण बीघा पहुंचे, जहां उन्होंने अपने माता-पिता और पत्नी की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने तालाब में मछलियों को दाना भी खिलाया।मुख्यमंत्री के आगमन पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कई लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन मुख्यमंत्री को सौंपे। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही नालंदा डीएम को आवेदन देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश दिया।


कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार, बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, इंजीनियर सुनील समेत कई विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी पटना और नालंदा दोनों कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहे।

Share This Article