NEWS PR डेस्क: पटना, 18 मार्च। मानसून से पहले सीवरेज और फ्लाईओवर मेंटेनेंस कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। शहर को जाममुक्त रखने और निर्माण कार्य सुचारु रूप से पूरा कराने के उद्देश्य से कई प्रमुख मार्गों पर अस्थायी ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है।
बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) के निर्देश पर दीघा-कंकड़बाग सीवरेज परियोजना के तहत पाटलिपुत्र इलाके में यातायात व्यवस्था बदली गई है। आज से 30 मई तक अटल पथ सर्विस लेन और एएन कॉलेज से राजीव नगर अंडरपास के पास स्थित बियाडा गेट तक सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

प्रशासन के मुताबिक, इस दौरान बियाडा गेट से गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग के तौर पर बियाडा रोड होते हुए अटल पथ का इस्तेमाल करना होगा। वहीं, एएन कॉलेज से राजीव नगर अंडरपास तक अटल पथ की सर्विस लेन पर केवल एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति दी जाएगी।
इधर, फ्लाईओवर मरम्मत कार्य को लेकर भी ट्रैफिक पुलिस ने नई एडवाइजरी जारी की है। जीपीओ पटना से आर ब्लॉक गोलंबर तक जाने वाले फ्लाईओवर की दक्षिण लेन पर मेंटेनेंस और निर्माण कार्य शुरू किया गया है। करीब 660 मीटर हिस्से में चलने वाले इस काम के कारण इस रूट पर रात के समय वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

यातायात विभाग के अनुसार यह अस्थायी डायवर्जन 17 मई 2026 से 27 मई 2026 तक लागू रहेगा। इस अवधि में हर रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक फ्लाईओवर के इस हिस्से पर किसी भी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके और शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।