भागलपुर: एनसीसी 23 बटालियन के तहत भागलपुर एनसीसी ग्रुप के कैडेट्स ने संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-4) में हिस्सा लिया। यह 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर बरौनी में आयोजित किया गया, जिसमें कैडेट्स को थल सैनिक कैंप (TSC) चयन प्रक्रिया के लिए तैयार किया जा रहा है।

कठिन प्रशिक्षण से गुजर रहे कैडेट्स
शिविर के दौरान छात्रों को फायरिंग, ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग, मैप रीडिंग और फील्ड क्राफ्ट जैसी कई कठिन और महत्वपूर्ण गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेट्स की शारीरिक क्षमता, अनुशासन और नेतृत्व कौशल को मजबूत करना है, ताकि वे प्रतिष्ठित थल सैनिक कैंप के लिए चयनित हो सकें।
चयन प्रक्रिया पर फोकस
कैडेट्स इस शिविर में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। विभिन्न इकाइयों से आए छात्र चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेकर बेहतर प्रदर्शन के आधार पर आगे की प्रतियोगिताओं के लिए चुने जाएंगे।शिविर कमांडेंट कर्नल रितेश मोहन के निर्देशन में एक विशेष ‘मीडिया इंटरैक्शन सेशन’ का आयोजन भी किया गया।
अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने कैडेट्स को मीडिया क्षेत्र में करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।पत्रकारों ने बताया कि मीडिया समाज को जागरूक करने और सही सूचना को जन-जन तक पहुंचाने का एक मजबूत माध्यम है। इस अवसर पर सुबेदार मेजर सुरेश कुमार, सुबेदार बहादुर राणा सहित एनसीसी से जुड़े कई अधिकारी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स में काफी उत्साह देखा गया।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट