केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले युवक को गया साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गया के एसएसपी सुशील कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। गिरफ्तार युवक ने सोशल media पर एक वीडियो जारी कर केंद्रीय मंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था। वीडियो में उसने हमला करने की धमकी भी दी थी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।

वीडियो में दी थी हमला करने की धमकी
वायरल वीडियो में आरोपी युवक ने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा था—“समधिनिया पर हुआ है और तोहरो पर होगा।”वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मामला तेजी से फैल गया। इसके बाद गया पुलिस और साइबर थाना सक्रिय हो गए और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।

आरोपी की पहचान राजेश राव उर्फ सरदार के रूप में
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश राव उर्फ सरदार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पहले ही मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसने वायरल वीडियो पोस्ट कर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को जान से मारने की धमकी दी थी। यह वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
ज्योति मांझी पर हमले के बाद बढ़ा विवाद
दरअसल, हाल ही में केंद्रीय मंत्री की समधन और बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हमला किए जाने के बाद विवाद और बढ़ गया था। घटना के बाद जीतन राम मांझी ने मोहनपुर थाना के दारोगा को सात दिनों के भीतर हटाने की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे डीएम और एसपी आवास का घेराव करेंगे। इसी घटनाक्रम के बीच आरोपी युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर मांझी को धमकी दी थी।
पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस अब यह जानने में जुटी है कि आरोपी ने किस मकसद से वीडियो बनाया और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा है कि सोशल मीडिया पर धमकी, अभद्र टिप्पणी और जातिसूचक भाषा का इस्तेमाल करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।