किशनगंज में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी सफलता, 1.6 करोड़ की ड्रग्स बरामद

किशनगंज में नशे के खिलाफ बड़ी जीत

Rashmi Tiwari

किशनगंज जिले में नवगठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अपनी पहली ही बड़ी कार्रवाई में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह पर करारा प्रहार किया है। टीम ने रेलवे स्टेशन के पास सर्विस रोड इलाके में छापेमारी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया है।


800 ग्राम मादक पदार्थ बरामद, कीमत 1.6 करोड़ आंकी गई
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लगभग 800 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये आंकी जा रही है। यह कार्रवाई जिले में हाल ही में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की पहली बड़ी सफलता मानी जा रही है।


दो तस्कर गिरफ्तार, बंगाल से जुड़ा नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहबाज आलम और मोहम्मद शाह आलम के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के ग्वालपोखर थाना क्षेत्र के पटुआ और मलिन गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी फरिंगगोला मार्ग के जरिए मादक पदार्थ लेकर किशनगंज पहुंचे थे।
एसपी ने की पुष्टि, बताया बड़ी सफलता
एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी संतोष कुमार ने बताया कि हाल ही में जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया था। उन्होंने कहा कि पहली ही कार्रवाई में अंतरराज्यीय गिरोह के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। यह भी जांच की जा रही है कि मादक पदार्थ की सप्लाई चेन किन राज्यों तक फैली हुई है।
रिपोर्ट: मसरूर रईस, किशनगंज

Share This Article