NEWS PR डेस्क: पटना, 22 मई। देश के जाने-माने उद्योगपति और वेदांता समूह के चेयरमैन Anil Agarwal के बिहार में क्रिकेट टीम बनाने वाले बयान को लेकर अब बिहार सरकार की ओर से भी सकारात्मक संकेत मिले हैं। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अनिल अग्रवाल के पोस्ट को साझा करते हुए कहा कि सरकार बिहार के क्रिकेट “इमोशन” को लेकर स्पष्ट विजन और मिशन मोड में काम कर रही है।
दरअसल, अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए सवाल उठाया था कि जिस तरह Chennai Super Kings, Mumbai Indians और Kolkata Knight Riders जैसी टीमें हैं, उसी तरह बिहार की भी एक मजबूत क्रिकेट टीम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार की मिट्टी ने देश को ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी और साकिब हुसैन जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं, लेकिन राज्य को अब तक क्रिकेट में वह पहचान नहीं मिल सकी, जिसका वह हकदार है।

अनिल अग्रवाल ने अपने पोस्ट में बिहार के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर समर्थन देने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि यदि बिहार के युवाओं को सही सुविधाएं और प्रेरणा मिले, तो यहां की टीम दुनिया की बेहतरीन टीमों में शामिल हो सकती है। साथ ही उन्होंने बिहार के क्रिकेट और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए “unconditional support” देने की बात कही।

उद्योगपति के इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा कि वह उनकी बात से पूर्णतः सहमत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार क्रिकेट को लेकर स्पष्ट “Vision” और “Mission” के साथ आगे बढ़ रही है और आपके सहयोग से निश्चित ही बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

सम्राट चौधरी की इस प्रतिक्रिया के बाद बिहार के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर लोग इसे बिहार में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य में IPL में बिहार टीम की एंट्री से जोड़कर देख रहे हैं। राजनीतिक और खेल जगत में भी इस बयान की चर्चा तेज हो गई है।