गया :कार्यक्रम के दौरान मांझी पर फेंके गए पत्थर, बाल-बाल बचे केंद्रीय मंत्री

बाल-बाल बचे केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

गया जिले में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम खिजरसराय प्रखंड के सीसवर स्थित संत थॉमस इंग्लिश स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन पर पत्थर फेंके गए। राहत की बात यह रही कि केंद्रीय मंत्री बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके पीछे खड़े एक अंगरक्षक को पत्थर लगने से मामूली चोट आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव और नाराजगी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को सम्मानित किया गया था। सम्मान समारोह के बाद जैसे ही वे मंच से लोगों को संबोधित करने पहुंचे, तभी कार्यक्रम स्थल के बाहर से अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई। एक के बाद एक पत्थर मंच की ओर फेंके गए, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए मंत्री को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
मौके से दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया
घटना के बाद खिजरसराय थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह घटना किसी साजिश के तहत हुई या फिर अचानक की गई हरकत थी। हिरासत में लिए गए दोनों युवक आसपास के गांव के बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक इस मामले में किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

इधर इस घटना के बाद हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के नेताओं और समर्थकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से मांझी परिवार को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। हाल ही में बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी पर हमले की घटना सामने आई थी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां और वायरल वीडियो भी चर्चा में रहे थे। अब कार्यक्रम के दौरान पत्थरबाजी की इस घटना ने बिहार की सियासत को और गर्म कर दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article