हीट वेव को लेकर अलर्ट मोड में औरंगाबाद स्वास्थ्य विभाग, सदर अस्पताल में 35 बेड की विशेष व्यवस्था

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: औरंगाबाद, 24 मई। देश के कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए बिहार का औरंगाबाद जिला भी अलर्ट जोन में शामिल हो गया है। बढ़ते तापमान के बीच हीट वेव से प्रभावित मरीजों के इलाज को लेकर जिले का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सदर अस्पताल प्रशासन ने संभावित मरीजों के उपचार के लिए विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं।

सदर अस्पताल के स्वास्थ्य प्रबंधक प्रफुल्ल कांत निराला ने शनिवार को अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एनआरसी वार्ड, नशामुक्ति केंद्र और एनआरसी के सामने स्थित हॉल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि हीट वेव से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल में पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि सदर अस्पताल में कुल 35 बेड की व्यवस्था की गई है। सबसे पहले मरीजों को नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कर इलाज शुरू किया जाएगा, जहां 10 बेड उपलब्ध हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने पर उन्हें एनआरसी वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा, जहां 11 बेड की सुविधा है। इसके अलावा आवश्यकता पड़ने पर एनआरसी के सामने बने हॉल में 14 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य प्रबंधक ने बताया कि अस्पताल में हीट वेव से निपटने के लिए पर्याप्त मात्रा में आईस पैक, ठंडा पानी, जरूरी दवाइयां और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी स्थिति में मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप और अत्यधिक गर्मी से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।

Share This Article