NEWS PR डेस्क: गया, 24 मई। इंटरनेशनल एयरपोर्ट रविवार को उस समय जश्न और उत्साह से भर उठा, जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सोहैब खान अपने गृह जिला पहुंचे। यूएई की ओर से हाल ही में T20 वर्ल्ड कप खेलने वाले सोहैब खान के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर समर्थकों, परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फूल-मालाओं, नारों और तालियों के बीच उनका जोरदार स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट परिसर में सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। जैसे ही सोहैब खान बाहर आए, समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर मशहूर अभिनेता अली खान, टिकारी विधायक अजय दांगी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत में सोहैब खान ने कहा कि गया और मगध क्षेत्र के लोगों का प्यार और समर्थन उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने बताया कि वे ऐसे क्षेत्र से आते हैं जहां क्रिकेट के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, लेकिन परिवार के सहयोग और अपने जुनून के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े भाई और पूरे परिवार को दिया।
सोहैब खान ने कहा कि यूएई टीम की ओर से T20 वर्ल्ड कप खेलना उनके जीवन का सबसे यादगार अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज की गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा करना उनके करियर का सबसे खास पल था।

इस दौरान क्रिकेटर के दादा अभिनेता अली खान ने कहा कि सोहैब ने लगातार मेहनत और परिवार के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि पूरे परिवार को उन पर गर्व है। वहीं सोहैब के पिता जुगनू खान ने बिहार सरकार से मांग की कि जिस तरह राज्य के अन्य खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया है, उसी प्रकार सोहैब खान को भी सम्मान दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह गया और पूरे मगध क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है।
टिकारी विधायक अजय दांगी ने कहा कि डुमरिया जैसे क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सोहैब खान के संघर्ष और मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सोहैब खान की इस उपलब्धि से पूरे मगध क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में बिहार के और भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।