एमएलसी चुनाव से पहले NDA में सीटों की हलचल तेज, मांझी ने ठोकी दावेदारी

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 26 मई। बिहार विधान परिषद चुनाव की घोषणा के साथ ही एनडीए में सीटों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सहयोगी दलों ने अब अपनी हिस्सेदारी को लेकर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने एमएलसी की एक सीट पर दावा ठोक दिया है।

मंगलवार को लोक सेवक आवास में मांझी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने साफ तौर पर कहा, “हमें एक सीट चाहिए। यह मांग हमारी बहुत पहले से है। हम किसी भी पार्टी से कमजोर नहीं हैं। कम से कम एमएलसी की एक सीट हमें मिलनी चाहिए।”

मांझी ने संकेत दिए कि वह इस मुद्दे को लेकर केंद्र स्तर पर भी बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। ऐसे में अब नजरें एनडीए नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं कि सहयोगी दल HAM की इस मांग पर क्या रुख अपनाया जाता है।

इधर राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि एनडीए कोटे से दो मंत्रियों को विधान परिषद भेजे जाने की तैयारी लगभग तय मानी जा रही है। इनमें स्वास्थ्य मंत्री निशांत और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं।

एमएलसी चुनाव को लेकर एनडीए के भीतर बढ़ती दावेदारी आने वाले दिनों में सीट बंटवारे की राजनीति को और दिलचस्प बना सकती है।

Share This Article