हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने पर सरकार का जोर, मुख्यमंत्री ने बढ़ाई जलापूर्ति की समय-सीमा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 26 मई। बिहार में हर घर तक शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए हैं। सोमवार को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ सभागार में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर नल का जल योजना के तहत लोगों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जलापूर्ति की समय-सीमा को सुबह और शाम एक-एक घंटा बढ़ाया जाए, ताकि सभी घरों तक लगातार पानी की उपलब्धता बनी रहे। उन्होंने कहा कि पेयजल की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जाए और हर दो से तीन महीने पर पंचायत स्तर पर पानी की जांच कराई जाए। साथ ही वार्ड स्तर पर भी नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर देते हुए अधिकारियों को आधुनिक तकनीक और एआई के उपयोग का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का तेजी से समाधान होना चाहिए, ताकि जलापूर्ति व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बना रहे।

बैठक में मुख्यमंत्री ने जलापूर्ति उपकरणों के रखरखाव और मरम्मत पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां जरूरत हो वहां 30 जून से पहले नए चापाकल लगाए जाएं, ताकि गर्मी और संभावित जल संकट के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

भू-जल संरक्षण को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गंभीरता से काम करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि भू-जल स्तर की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और उसी के अनुसार कार्य योजना तैयार कर प्रभावी तरीके से योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाए।

बैठक में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article