NEWS PR डेस्क: नई दिल्ली, 03 जून। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौजरानी इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक अग्निकांड ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अब तक 20 से ज्यादा लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य घायल होकर अस्पतालों में भर्ती हैं। मृतकों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह नाश्ते के समय रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। जान बचाने के लिए कई लोगों ने इमारत की ऊपरी मंजिलों से छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने सड़क पर गद्दे बिछाकर कई लोगों की जान बचाने में मदद की।

जानकारी के मुताबिक, यह रेस्टोरेंट इमारत के बेसमेंट में संचालित हो रहा था। आग लगने के बाद धुआं और लपटें पूरे भवन में फैल गईं। इमारत के ऊपरी हिस्से में एक गेस्ट हाउस भी था, जहां विदेशी नागरिकों के अलावा अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन ठहरे हुए थे। रेस्टोरेंट के सामने स्थित अस्पताल की वजह से यहां अक्सर बाहर से आने वाले लोग ठहरते हैं।
दमकल विभाग को सुबह 8:50 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद 10 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। राहत एवं बचाव दल ने तुरंत अभियान शुरू किया और बेसमेंट में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कई लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

नेहरू प्लेस फायर स्टेशन के डिविजनल ऑफिसर रविंदर की निगरानी में बचाव कार्य चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। जांच एजेंसियां आग लगने की वजह तलाशने में जुटी हैं।
डीडीएमए (साउथ डिस्ट्रिक्ट) के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि राहत कार्य के दौरान कई लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया। साथ ही स्थानीय लोगों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया, जिन्होंने संकट के समय तत्काल मदद पहुंचाई।
फिलहाल प्रशासन मृतकों की पहचान और घायलों के उपचार पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। वहीं हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।