NEWS PR डेस्क:भागलपुर/नवगछिया: अपराध नियंत्रण अभियान के तहत नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल कुख्यात अपराधी सिंटू यादव को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिंटू यादव की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी और तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि खरीक थाना क्षेत्र के अंबो भगवती स्थान के पास वह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार अपराधी की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के नवटोला भवनपुर निवासी सिंटू यादव (पिता- महेंद्र यादव) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में खरीक थाना कांड संख्या 172/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सिंटू यादव के खिलाफ हत्या, रंगदारी और लूट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोप है कि वह अपने गिरोह के साथ इलाके में दहशत फैलाकर किसानों और स्थानीय लोगों से रंगदारी वसूलता था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।
नवगछिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में वांछित और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस गिरफ्तारी को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
