भागलपुर नवगछिया में सड़क दुर्घटना: बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा फरार

तेज रफ्तार बनी काल, इंटर छात्र की दर्दनाक मौत

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:भागलपुर (नवगछिया)। खरीक बाजार थाना क्षेत्र के बभनपुर गांव में सड़क दुर्घटना में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सुभाष मंडल के पुत्र गुलशन कुमार (22) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार, बीती रात गुलशन कुमार बाइक से मुर्गा (मीट) खरीदने जा रहा था। इसी दौरान खरीक रेलवे गुमटी के पास भोला बाबा मंदिर के समीप उसकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही गुलशन की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।


अस्पताल पहुंचने पर हुई मौत की पुष्टि
घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायल युवक को तुरंत स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने गुलशन कुमार को मृत घोषित कर दिया।


परिवार में मातम, छात्र था मृतक
घटना की जानकारी अस्पताल से परिजनों को मिली, जिसके बाद परिवार के सदस्य मायागंज अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चाचा भूषण मंडल ने बताया कि गुलशन इंटर का छात्र था और पढ़ाई कर रहा था। उन्होंने कहा कि हादसा खरीक रेलवे गुमटी के पीछे भोला बाबा मंदिर के पास हुआ और दूसरी बाइक सवार घटना के बाद फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बाइक सवार की पहचान की कोशिश की जा रही है। भागलपुर से श्याामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article