NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 14 जून। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए दरभंगा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में एनआईसी, दरभंगा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं अंचलाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान मुहर्रम पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
डीएम ने सभी थाना प्रभारियों को निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने के निर्देश देते हुए बाउंड डाउन की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारियों को वारंटियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि संभावित समस्याओं का पूर्व आकलन कर समय रहते उनका समाधान किया जा सके। प्रशासन को जुलूस मार्गों पर सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 के तहत आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
नगर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा तैयारियां समय रहते पूरी करने और गश्ती दलों को सक्रिय रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
