NEWS PR डेस्क: किशनगंज, 14 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किशनगंज के डुमरियाभट्टा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत एवं सम्मान करने के साथ हुई। इस दौरान पार्टी के प्रति समर्पित जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रमाण पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डॉ. दिलीप जायसवाल ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण को मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है। मंत्री ने कहा कि ‘लखपति दीदी’ जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया है। इससे माताओं और बहनों को आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ समाज में सम्मान और आर्थिक मजबूती भी प्राप्त हुई है।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता लगातार समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी की सफलता में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठन की उपलब्धियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
