NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण/भारत-नेपाल सीमा: इंडो-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। हरैया थाना क्षेत्र स्थित कस्टम चौक के पास जांच अभियान के दौरान म्यांमार की एक महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में महिला की पहचान म्यांमार के यांगून क्षेत्र निवासी बुमा देवी के रूप में हुई है, जो कथित रूप से फर्जी पहचान के सहारे भारत में रह रही थी।

जांच एजेंसियों के अनुसार महिला का सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद सद्दाम मंसूरी से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि इसी संबंध के चलते वह म्यांमार से भारत आई और दोनों ने विवाह कर लिया। आरोप है कि विवाह के बाद महिला ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर अवैध तरीके से आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बनवाए और ‘अंजुम खातून’ नाम से भारत में निवास कर रही थी।
सूत्रों के अनुसार महिला नेपाल के रास्ते थाईलैंड जाने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान सीमा क्षेत्र में चल रही जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों की नजर उस पर पड़ी और उसे हिरासत में ले लिया गया। दस्तावेजों की गहन जांच और पूछताछ के बाद उसकी वास्तविक पहचान सामने आई।
फिलहाल पुलिस एवं अन्य जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि महिला भारत में कब से रह रही थी, फर्जी दस्तावेज किस प्रकार और किनकी मदद से तैयार किए गए तथा उसके थाईलैंड जाने के पीछे क्या उद्देश्य था। मामले के अंतरराष्ट्रीय पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार महिला को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकता है। मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट
