NEWS PR डेस्क: पटना, 18 जून। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर लगाए गए आरोपों के बाद अब बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने पलटवार किया है।
अशोक चौधरी ने लालू प्रसाद के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी आवास आवंटन की प्रक्रिया तय नियमों के तहत संचालित होती है। इसमें किसी तरह का राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होता। उन्होंने कहा कि सुरक्षा से जुड़े फैसले राज्य सुरक्षा समिति की अनुशंसा के आधार पर लिए जाते हैं, जबकि आवास आवंटन भी निर्धारित नियमों के अनुसार होता है।
मंत्री ने कहा कि जब तक नीतीश कुमार सत्ता में रहे, तब तक लालू परिवार 10, सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास में रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि अब राजनीतिक कारणों से अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है। अशोक चौधरी ने लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू यादव मानसिक रूप से ठीक नहीं। वो मेंटली गड़बड़ा गए हैं।

दरअसल, बुधवार को लालू प्रसाद ने अपनी सुरक्षा श्रेणी में कटौती और सरकारी आवास खाली कराने की कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि यह निर्णय राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है और इसके पीछे सरकार की भूमिका है।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि अशोक चौधरी ने यह भी कहा कि अगर लालू सुरक्षा नहीं लेते हैं तो इसमें कोई कुछ नहीं कर सकता। आप जानें आपका काम जानें।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को पहले जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी। हाल ही में राज्य सुरक्षा समिति की समीक्षा के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है, जिसके बाद यह मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।
राबड़ी आवास और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच नए राजनीतिक टकराव का रूप लेता दिख रहा है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।
