दो बूंद जिंदगी की: 28 जून से बगहा में शुरू होगा विशेष पल्स पोलियो अभियान

पोलियो मुक्त भारत की ओर एक और कदम, 28 जून से शुरू होगा विशेष अभियान

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को और मजबूत बनाने के लिए बगहा में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून से पांच दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत होगी। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बगहा-दो और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़ क्षेत्र में चलने वाले इस अभियान के दौरान जन्म से पांच वर्ष तक के 75,834 बच्चों को पोलियोरोधी दवा की खुराक पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. केवीएन सिंह ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए करीब 500 स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है। घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाने के लिए 164 होम-टू-होम टीमें बनाई गई हैं। इसके अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर 45 ट्रांजिट टीमें तथा स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए दो मोबाइल टीमें कार्य करेंगी। अभियान की निगरानी के लिए 59 सुपरवाइजर भी नियुक्त किए गए हैं।
समय पर वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी
उन्होंने बताया कि पोलियो वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शहरी पीएचसी बगहा-दो में एक मुख्य डिपो और 13 सब-डिपो बनाए गए हैं। इन केंद्रों से सभी टीमों को समय पर वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अभियान बिना किसी बाधा के संचालित हो सके।
दो बूंद जिंदगी की
डॉ. सिंह ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद जिंदगी की अवश्य पिलवाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए यह खुराक बेहद जरूरी है और सभी के सहयोग से ही पोलियो मुक्त भारत का सपना साकार होगा। इस अवसर पर आरबीएसके के नोडल पदाधिकारी डॉ. रणवीर सिंह, प्रमुख डाटा ऑपरेटर जितेश कुमार, पिंकी कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। बगहा से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article