NEWS PR डेस्क: पटना, 19 जून। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के मंत्री संजय कुमार सिंह ने मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र में संचालित पेयजल योजनाओं और आगामी श्रावणी मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों को निर्बाध और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विभागीय मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने ‘हर घर नल का जल’ योजना, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, जल संरचनाओं के रखरखाव, जलापूर्ति योजनाओं के संचालन, ऑपरेटरों के मानदेय भुगतान और जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।
15 दिनों में सभी बंद चापाकल चालू करने का आदेश
समीक्षा के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र में बंद पड़े सभी चापाकलों की मरम्मत अगले 15 दिनों के भीतर हर हाल में पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चापाकल अब भी पेयजल का प्रमुख स्रोत हैं, इसलिए उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई जलापूर्ति योजना बंद पाई जाती है तो संबंधित संवेदक और जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ऑपरेटरों के मानदेय भुगतान में देरी नहीं
बैठक में जलापूर्ति योजनाओं के संचालन में लगे ऑपरेटरों के मानदेय भुगतान की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी ऑपरेटरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के सफल संचालन में ऑपरेटरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और उनके भुगतान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
संजय कुमार सिंह ने सेंट्रलाइज्ड ग्रीवांस रिड्रेसल सेल (CGRC), सहयोग शिविरों और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पेयजल संबंधी सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
श्रावणी मेले में कांवरियों के लिए विशेष व्यवस्था
बैठक में आगामी श्रावणी मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं और कांवरियों की सुविधा के लिए यात्रा मार्गों पर आवश्यकतानुसार पंडाल लगाए जाएं। साथ ही वहां शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभाग पूरी तत्परता के साथ कार्य करे।
भीषण गर्मी को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश
राज्य में जारी भीषण गर्मी को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के किसी भी हिस्से में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जलापूर्ति योजनाओं की नियमित निगरानी और आवश्यक मरम्मत कार्यों में तेजी लाई जाए।
जनहित सर्वोपरि, गुणवत्ता से समझौता नहीं
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
बैठक में विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार, अभियंता प्रमुख-सह-विशेष सचिव नित्यानंद प्रसाद समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
