NEWS PR डेस्क: गया पुलिस को भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। डेल्हा थाना पुलिस ने बिहार और पश्चिम बंगाल से जुड़े एक अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह भू-माफियाओं के लिए हथियार के बल पर जमीन पर कब्जा दिलाने का काम करता था। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से एक लोडेड अवैध पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की गई है।

गुप्त सूचना पर चला जांच अभियान
टाउन डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने डेल्हा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पुलिस को गिरोह की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद टिकारी-गया रोड पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। वाहन जांच के दौरान एक महिंद्रा कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार तीन युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदौती थाना क्षेत्र के अलीगंज रोड निवासी चांद बादशाह, न्यू करीमगंज निवासी एजाज मलिक और फारूक के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में उनके कब्जे से एक लोडेड अवैध पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
जमीन कब्जाने का करते थे काम
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे भू-माफियाओं के लिए हथियार के बल पर जमीन पर कब्जा दिलाने का काम करते थे। इसके बदले उन्हें मोटी रकम दी जाती थी। पुलिस का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क बिहार के अलावा पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पंचानपुर इलाके में जमीन कब्जाने की एक कार्रवाई को अंजाम देकर वापस गया लौट रहे थे।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, गिरोह का मुख्य आरोपी चांद बादशाह पहले से कई आपराधिक मामलों में वांछित रहा है। उसके खिलाफ सिविल लाइंस और चंदौती थाना में विभिन्न मामले दर्ज हैं।गया पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके आर्थिक स्रोतों और भू-माफियाओं से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस रैकेट से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
